मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, राजश्री प्रोडक्शन की नई फिल्म ‘ऊंचाई’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में शामिल होने के लिए तमाम सितारे जमा हुए थे। इनमें जया बच्चन, सलमान खान, कंगना रनौत, अभिषेक बच्चन, शहनाज गिल और भाग्यश्री जैसे सितारे शामिल थे। फिल्म का हिस्सा होते हुए भी अमिताभ बच्चन नहीं पहुंच सके। हालांकि जया और अभिषेक ने आकर उस जगह को भरने की कोशिश की।
जया और अभिषेक जब वेन्यू पर पहुंचे, तो वहां मीडिया के सामने कंगना रनौत भी थीं। उन्होंने जया को देखकर उनका अभिवादन किया। हैरानी की बात रही कि जया बच्चन, कंगना को इग्नोर कर गईं। इस बीच अभिषेक बच्चन वेन्यू पर आए और कंगना को गले लगाया। उन्होंने कंगना से कुछ बात भी की। जया का कंगना को इग्नोर करना खबर के तौर पर इंडस्ट्री में चर्चा बटोर रहा है। सोशल मीडिया पर भी लोग बात कर रहे हैं। कुछ लोग कंगना को सपोर्ट कर रहे हैं, तो कुछ जया बच्चन के साथ हैं।
फैंस इसे पूर्व में कंगना और जया के बीच हुई जुबानी जंग से जोड़कर देख रहे हैं। वाकया 2020 का है, जब कंगना ने जया बच्चन के एक कमेंट पर अपनी राय दी थी। जया ने भी कंगना पर निशाना साधा था। दरअसल, सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उपजे विवाद के बीच कंगना ने बॉलीवुड को गटर कहा था।
जया ने कहा था कि लोग जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं। जवाब में कंगना ने कहा था कि किस थाली की बात कर रहे हैं जया जी? जहां दो मिनट का रोल मिलता है। मैंने इंडस्ट्री को फेमिनिज्म सिखाया। कंगना ने अपने ट्वीट में अमिताभ पर भी निशाना साधा था। हालांकि कुछ वक्त बाद ही कंगना का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड हो गया था।