गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले में अंतरधार्मिक विवाह को लेकर 24 वर्षीय एक व्यक्ति की उसकी पत्नी के रिश्तेदारों द्वारा कथित तौर पर किए गए क्रूर हमले में हत्या कर दी गई।
पुलिस ने मृतक की पत्नी के भाइयों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना शनिवार को जिले के एक गांव में हुई।
पुलिस उपाधीक्षक हार्दिक प्रजापति के अनुसार, पीड़ित याज्ञिक दुधरेजिया की हत्या उसकी पत्नी के रिश्तेदारों ने की, जो उनके अंतरधार्मिक विवाह के खिलाफ थे।
एफआईआर के अनुसार मृतक दुधरेजिया को उसी गांव की मुस्लिम महिला से प्यार हो गया था। उसने और रमजा ने महिला के परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी।
भागकर शादी करने के बाद यह जोड़ा दूसरी जगह चला गया था।
हालांकि, एक बच्चे के जन्म के बाद वे गांव लौट आए। एफआईआर में कहा गया है कि गांव में उनका लौटना रमज़ा के परिवार वालों को पसंद नहीं आया, जो पहले से ही एक हिंदू व्यक्ति से उसकी शादी को लेकर परेशान थे।
शनिवार शाम को दुधरेजिया और उसके दोस्त हरदीपसिंह को रोक लिया गया और कथित तौर पर लोहे के पाइप, कुल्हाड़ियों और चाकुओं से उन पर बेरहमी से हमला किया गया।
उन्हें जामनगर के एक अस्पताल ले जाया गया जहां गंभीर चोटों के कारण उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एफआईआर में छह लोगों के नाम दर्ज हैं जो कथित तौर पर दुधरेजिया और उनके दोस्त पर हमले में शामिल थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।