स्टार स्टूडियोज के मुताबिक, धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी को 12 मई 2023 को सिनेमाघरों में फिर से रिलीज किया जाएगा। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित यह फिल्म भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) के जीवन पर आधारित है। फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत के अलावा दिशा पटानी, कियारा आडवाणी, अनुपम खेर, भूमिका चावला और कुमुद मिश्रा जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।
धोनी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई की थी। आंकड़ों पर भरोसा किया जाए, तो फिल्म ने 200 करोड़ रुपये से ऊपर कारोबार किया था। इस फिल्म को फॉक्स स्टार स्टूडियोज, इंस्पायर्ड एंटरटेनमेंट और फ्राइडे फिल्मवर्क्स ने प्रोड्यूस किया था। यह फिल्म सुशांत सिंह राजपूत के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई थी। फिल्म का दोबारा से सिनेमाघरों में रिलीज होना सुशांत के फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है।
14 जून 2020 को महज 34 साल की उम्र में सुशांत की मौत हो गई थी। मौत की वजह आत्महत्या बताई गई, लेकिन उस पर काफी विवाद हुआ। जीटीवी के शो ‘पवित्र रिश्ता’ से दुनियाभर में पहचाने गए सुशांत ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म ‘काई पो छे!’ से की थी। फिल्म को दर्शकों ने पसंद किया था। सुशांत को छिछोरे, डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी और केदारनाथ में उनकी भूमिकाओं के लिए भी याद किया जाता है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।
